देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में कुल 187 अभ्यर्थियों/आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 144 पदों पर चयनित अभ्यर्थी और उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे से चयनित 43 पात्र परिजन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आप सभी को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। राज्य सरकार आपके सपनों को साकार करने में सहयोगी बनी है, अब यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप जनसेवा में अपना सर्वोत्तम दें।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लंबे समय से लंबित मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्तियां देकर उनकी प्रतीक्षा को सम्मान दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 150 आश्रितों को नियुक्ति दी गई थी, और अब शेष 43 पात्र आश्रितों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का वादा
मुख्यमंत्री ने राज्य में पहले हुई भर्तियों की अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि अब उत्तराखंड में देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े तीन वर्षों में 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। अब सारी भर्तियां मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर हो रही हैं।
आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वदेशी उत्पादों के उपयोग की अपील को दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्यवासियों से लोकल उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
सिंचाई विभाग की अहमियत पर जोर
मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के चयनित अभ्यर्थियों को “भविष्य के विकास के जमीनी स्तंभ” बताते हुए कहा कि ये अभ्यर्थी प्रदेश के किसानों तक जल पहुंचाने के कार्य में तकनीकी रूप से अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि कई चयनित अभ्यर्थी राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण कोटे से चयनित हुए हैं, जो गर्व का विषय है।
मंत्रियों के विचार:
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि बेरोजगारी के खिलाफ सरकार का प्रयास स्पष्ट रूप से सफल हो रहा है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है, जो ऐतिहासिक उपलब्धि है।”
