पीटीआई: यदि आपका बच्चा पांच साल से ऊपर का हो चुका है और उसका आधार बायोमीट्रिक अपडेट नहीं है, तो अब अभिभावकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) अब स्कूलों के माध्यम से बच्चों के आधार कार्ड का बायोमीट्रिक अपडेट निशुल्क करेगी। यह योजना अगले 45-60 दिनों में चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
सात करोड़ बच्चों का अपडेट अभी बाकी
यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि सात करोड़ से अधिक बच्चे पांच वर्ष की आयु पार कर चुके हैं, लेकिन उनका बायोमीट्रिक अपडेट नहीं हो पाया है। यह अपडेट अनिवार्य है ताकि बच्चों का आधार सक्रिय और सटीक बना रहे। पांच से सात वर्ष की आयु तक यह अपडेट फ्री में होगा, जबकि सात वर्ष से ऊपर शुल्क 100 रुपये देना होगा।
स्कूलों और कॉलेजों में लगेगी बायोमीट्रिक मशीनें
भुवनेश कुमार ने बताया कि पहले चरण में स्कूलों में, और आगे चलकर 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों के लिए कॉलेजों के माध्यम से भी बायोमीट्रिक अपडेट किया जाएगा। इसके लिए यूआईडीएआई प्रत्येक जिले में बायोमीट्रिक मशीनें भेजेगा, जिन्हें स्कूलों में ले जाकर बच्चों के बायोमीट्रिक निशुल्क अपडेट किए जाएंगे।
आधार अपडेट से लाभ में आसानी
बायोमीट्रिक अपडेटेड आधार कार्ड से स्कूल में प्रवेश, स्कॉलरशिप, प्रवेश परीक्षाओं में पंजीकरण, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजनाओं जैसी सेवाओं का लाभ लेना आसान हो जाएगा। यदि सात वर्ष की आयु के बाद भी बायोमीट्रिक अपडेट नहीं होता है, तो नियमों के तहत आधार संख्या निष्क्रिय की जा सकती है।

