आइएएनएस: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से 18 दिन के मिशन के बाद धरती पर लौटे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला बुधवार को अपनी पत्नी कामना और छह वर्षीय बेटे कियाश से मिलकर भावुक हो गए। शुभांशु ने अपने परिवार से मिलने के पलों को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, “अंतरिक्ष की यात्रा अद्भुत है, लेकिन अपनों से मिलना उससे भी खूबसूरत।”
बेटे से मिलकर छलक गए आंसू
शुभांशु ने बताया कि क्वारंटीन के दौरान बेटे को उनसे आठ मीटर दूर रहना पड़ता था और उसे कहा गया था कि उसके हाथों में कीटाणु हैं, इसलिए वह पापा को छू नहीं सकता। शुभांशु ने लिखा, “जब धरती पर लौटकर बेटे को गले लगाया, तो लगा जैसे फिर से घर लौट आया हूं।” उन्होंने सभी से अपने अपनों को गले लगाकर प्यार जताने की अपील भी की।
एक्सिओम स्पेस ने मनाया वापसी का जश्न
अमेरिकी कंपनी एक्सिओम स्पेस ने टेक्सास में अंतरिक्ष यात्रियों के लौटने का जश्न मनाया। कंपनी ने बताया कि नासा, इसरो और स्पेसएक्स के सहयोग से 20 दिवसीय यह मिशन 26 जून को लॉन्च हुआ था। शुभांशु शुक्ला की यह यात्रा न सिर्फ भारत बल्कि अंतरिक्ष अन्वेषण की दुनिया के लिए गर्व का क्षण रही, जहां इंसानी जज्बात और तकनीकी मिशन दोनों ने नया इतिहास रचा।

