Site icon The Mountain People

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का कहर, सड़कों पर जलजमाव-हवाई उड़ानें ठप

Photo: Thought Co

 

TMP: दिल्ली और एनसीआर में बुधवार को हुई लगातार बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया। पीक आवर में पानी भरने से मुख्य मार्गों और हाईवे पर ट्रैफिक रेंगता नजर आया। बारिश के बीच मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर और यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

6 विमानों को जयपुर डायवर्ट किया गया

बारिश और खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। दिल्ली में खराब मौसम के कारण बुधवार शाम छह विमानों को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इनमें गोवा से आ रहा अकासा एयर, कोलकाता से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट और भुज से दिल्ली जा रही फ्लाइट शामिल रहीं। मौसम साफ होने तक ये विमान देर रात तक जयपुर एयरपोर्ट पर खड़े रहे।

रेड अलर्ट से पहले ही तेज बारिश, फिर हुई धीमी

बुधवार शाम 7 बजे दिल्ली में अत्यधिक वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अलर्ट जारी होने से पहले ही कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई थी। बाद में बारिश की रफ्तार कुछ कम हो गई। इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, बिजली चमकी और कई जगह गर्जन वाले बादल छाए रहे।

देश के कई राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पंजाब, हरियाणा, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल में मानसून ने 85 लोगों की ली जान

उधर, हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। एसडीएमए के अनुसार अब तक मानसून सीजन में 85 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 54 मौतें बारिश से जुड़ी घटनाओं में और 31 सड़क हादसों में हुई हैं। मंडी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां सबसे अधिक 17 मौतें हुई हैं। भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने और डूबने जैसी घटनाओं ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है।

Exit mobile version