देहरादून-मसूरी और हल्द्वानी-नैनीताल के सफर में नई रफ्तार: CM धामी ने की 20 AC टैम्पो ट्रैवलर सेवा की शुरुआत

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में अब पहाड़ी पर्यटन स्थलों की यात्रा और भी सुविधाजनक, सुगम और किफायती हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम की 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी टैम्पो ट्रैवलर सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इनमें से 10 टैम्पो ट्रैवलर वाहन देहरादून-मसूरी और 10 वाहन हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर संचालित होंगे। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी कैंप कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक टैम्पो ट्रैवलर में सफर कर इसकी सुविधाओं का अनुभव लिया।

सीएम धामी ने कहा कि यह पहल सफल रही तो ऐसी सेवाओं की संख्या को और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कदम से न केवल यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि जाम की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के परिवहन नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं अब आम जनता की पहुंच में हैं, जिससे यात्रा और अधिक पारदर्शी व सुलभ हो गई है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष परिवहन निगम मुनाफे में है, जो निगम के सुधारात्मक प्रयासों और सरकारी सहयोग का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जल्द ही परिवहन निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए बस खरीद प्रक्रिया प्रगति पर है। साथ ही सरकार द्वारा निगम कर्मियों के हित में 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करना, डीए में वृद्धि और नई भर्तियों जैसे कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी की यह पहल उत्तराखंड को स्मार्ट, सस्टेनेबल और टूरिस्ट-फ्रेंडली राज्य बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

(Visited 18 times, 1 visits today)