दलाई लामा के 90वें जन्मोत्सव पर बोले CM धामी: करुणा ही सच्चा धर्म, तिब्बती समाज को विकास की नई सौगातें

 

 

 

देहरादून : परम पूज्य दलाई लामा जी के 90वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर रविवार को देहरादून के क्लेमेनटाउन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर तिब्बती समाज और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने तिब्बती समाज के लिए बुद्धा टेंपल मार्ग के चौड़ीकरण और श्मशान घाट में टिन शेड निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दलाई लामा जी को विश्व का सच्चा आध्यात्मिक गुरु बताते हुए कहा कि,“दलाई लामा जी की करुणा, शांति और अहिंसा की शिक्षाएं आज के चुनौतीपूर्ण समय में और अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। वे स्वयं कहते हैं — ‘मेरा धर्म करुणा है’ — और यही उन्हें वैश्विक मार्गदर्शक बनाता है।”

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की धरती तिब्बती समाज को सदैव प्रेम, सम्मान और सुरक्षा देती रही है। राज्य सरकार न केवल उनके हितों की रक्षा कर रही है, बल्कि उनके सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास के लिए भी सतत प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दलाई लामा जी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बना रहे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक विनोद चमोली, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, पूर्व मुख्य सचिव सुभाष कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक और तिब्बती समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

(Visited 970 times, 1 visits today)