पिथौरागढ़: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा रविवार को अपने आदि कैलाश—ओम पर्वत भ्रमण के तहत गुंजी हेलीपैड पहुंचे। वहां उनका स्वागत पारंपरिक अंदाज़ में रंगीन संस्कृति की पगड़ी पहनाकर और ढोल-दमाऊ की थाप पर किया गया।
अपनी यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पहले भारतीय सेना, आईटीबीपी और एसएसबी के जवानों से मुलाकात की और सीमा पर तैनात हथियारों, उपकरणों और सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने दुर्गम परिस्थितियों में तैनात इन जवानों की वीरता, साहस और निष्ठा को नमन करते हुए कहा, “देशवासियों की सुरक्षा का विश्वास आपके पराक्रम पर टिका है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में आपका योगदान अतुलनीय है।”
नड्डा ने की भगवान शिव की आराधना
इसके पश्चात नड्डा ने आदि कैलाश और पार्वती कुंड के निकट भगवान शिव के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सौंदर्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि साहसिक पर्यटन का भी उभरता गंतव्य बन रहा है।
मोदी के दौरे से क्षेत्र में आया नया जीवन
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदि कैलाश यात्रा के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री की यात्रा ने आदि कैलाश की आध्यात्मिक महत्ता को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।”
वाइब्रेंट विलेज योजनाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने केंद्रीय मंत्री को वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत चल रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पर्यटन विकास, सड़क निर्माण, स्थानीय उत्पाद आधारित रोजगार, और स्वदेश दर्शन 2.0 योजना से जुड़े प्रोजेक्ट्स का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के ज़रिए अवलोकन कराया।
इस दौरान एक अहम पहल के रूप में, आईटीबीपी और स्थानीय पशुपालकों के बीच ताजा पोल्ट्री और मटन की आपूर्ति के लिए चल रही योजना पर भी चर्चा हुई, जिसमें सहकारी समितियां और किसान उत्पादक संगठन भागीदारी निभा रहे हैं।
ज्योलिंगकांग में सेना के जवानों से संवाद
अपनी यात्रा के अंतिम चरण में श्री नड्डा ने ज्योलिंगकांग स्थित त्रिशूल मंदिर के दर्शन किए और वहां भी सेना के जवानों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया।
उपस्थित गणमान्य
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, राज्य मंत्री सौरभ बहुगुणा, डीएम विनोद गोस्वामी, एसपी रेखा यादव, एसडीएम मंजीत सिंह, सेना व अर्धसैनिक बलों के अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जे.पी. नड्डा की यह यात्रा केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पहलुओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीमा सुरक्षा, स्थानीय विकास और पर्यटन प्रोत्साहन के कई पहलुओं को स्पर्श करती हुई राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के एक समग्र दृष्टिकोण को सामने रखती है। यह दौरा पिथौरागढ़ के लिए विकास और मान्यता की नई संभावनाएं लेकर आया है।
