नाथूराम गोडसे की तारीफ करने पर NIT के प्रोफेसर के खिलाफ कुन्नमंगलम पुलिस ने नोटिस किया जारी

पीटीआई। केरल स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान-कालीकट (एनआइटी) की प्रोफेसर की परेशानी बढ़ गई है। नाथूराम गोडसे की तारीफ करने के बाद कुन्नमंगलम पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर 13 फरवरी को पेश होने को कहा है। प्रोफेसर का नाम ए. शैजा है। इस मामले में उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। वहीं, एनआइटी ने प्रोफेसर की टिप्पणी की जांच के लिए समिति का गठन किया है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि संस्थान किसी भी ऐसी टिप्पणी का समर्थन नहीं करता जो महात्मा गांधी के सिद्धांतों और मूल्यों के खिलाफ हो। संस्थान में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रोफेसर ए. शैजा ने 30 जनवरी को फेसबुक पर टिप्पणी पोस्ट की थी कि भारत को बचाने के लिए गोडसे पर गर्व है।

गोडसे की तस्वीर पर क्या लिखा था?

उन्होंने यह टिप्पणी एक वकील कृष्णा राज की पोस्ट पर की थी, जिन्होंने गोडसे की तस्वीर पोस्ट करते हुए शीर्षक दिया था, नाथूराम गोडसे, भारत में कई लोगों के नायक। एसएफआइ, केएसयू और एमएसएफ सहित विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा शहर के कई पुलिस थानों में शैजा के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई गईं थी। बाद में उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

 

(Visited 4,968 times, 1 visits today)