मिशन 2027 पर BJP का फोकस, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायकों-सांसदों को दिया ‘बूथ जीत’ मंत्र

 

 

 

 

TMP: देहरादून में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ कई घंटे लंबी मैराथन बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति पर मंथन किया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ मैनेजमेंट और जनता के बीच सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों को साफ संदेश दिया कि 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर का मजबूत संगठन है और आगामी चुनाव में जीत की कुंजी भी यही होगी।

देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित बैठक में प्रदेश के सभी विधायकों और सांसदों ने हिस्सा लिया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे और सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाए।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी विधायकों और सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों से 100 बुद्धिजीवियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी इन बुद्धिजीवियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की उपलब्धियों और नीतियों को पहुंचाने की रणनीति पर काम करेगी।

बैठक में उन विधानसभा सीटों पर भी विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को निर्देश दिए कि इन सीटों पर विशेष फोकस किया जाए और संगठनात्मक गतिविधियों को तेजी से मजबूत किया जाए।

इसके अलावा बूथ समितियों को सक्रिय करने, नियमित बैठकें आयोजित करने और लाभार्थियों से सीधे संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। नितिन नवीन ने कहा कि गांव-गांव तक मजबूत संगठन और जनता के साथ सीधा संवाद ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

बैठक में विधायकों और सांसदों को गांवों में प्रवास करने, स्थानीय समस्याओं को मौके पर सुनने और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जनता के बीच लगातार मौजूद रहकर ही संगठन के प्रति भरोसा और मजबूत किया जा सकता है।

(Visited 777 times, 1 visits today)