चंपावत में अब खून के जरूरी घटक भी मिलेंगे, 50 लाख की ब्लड सेपरेशन यूनिट शुरू

 

 

 

चंपावत: जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से इसका लोकार्पण किया। जिले में पहली बार शुरू हुई इस सुविधा से गंभीर और आपातकालीन मरीजों को जरूरत के अनुसार रक्त के अलग-अलग घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। नई यूनिट से मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और गंभीर मामलों में दूसरे जिलों पर निर्भरता कम होगी।

20 करोड़ का क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी तैयार

चंपावत जिला चिकित्सालय में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी चल रहा है।

चंपावत में तेजी से बढ़ रहा स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिले के रूप में विकसित करने के लिए स्वास्थ्य के साथ सड़क, पार्किंग, पेयजल और शहरी सुविधाओं पर भी काम हो रहा है। जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सिटी ड्रेनेज सिस्टम और 240 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल परियोजनाओं पर काम जारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आदर्श मॉडल बनाना है।

(Visited 28 times, 28 visits today)