कारगिल विजय दिवस पर धामी का बड़ा ऐलान, परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि ₹2 करोड़

 

 

 

देहरादून: कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह राशि ₹1.5 करोड़ से बढ़ाकर ₹2 करोड़ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1999 के युद्ध में देश के 527 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत शामिल थे।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान व कल्याण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि पहले ही ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख की जा चुकी है और वीरता पुरस्कार विजेताओं की सहायता राशि में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुनियाल गांव में बन रहा ‘सैन्य धाम’ अंतिम चरण में है, जहां राज्य के प्रत्येक शहीद के घर से लाई गई पवित्र मिट्टी का उपयोग किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ बनाया जा रहा है और राज्य की विभिन्न सेवाओं में उन्हें प्राथमिकता देने की दिशा में कार्य जारी है।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भी कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब तक 28 शहीदों के आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है।

 
 
 
(Visited 11 times, 11 visits today)