देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अगले एक सप्ताह में फॉर्म-6, 7 और 8 से जुड़े मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71.33 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड और अन्य विसंगतियों के चलते 24.30 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक करीब 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 1.10 लाख मतदाता सुनवाई में शामिल नहीं हो सके।
ऐसे मतदाताओं को दोबारा सुनवाई का मौका दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण समयबद्ध और नियमानुसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे।
समीक्षा बैठक में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के लंबित मामलों की जिलेवार प्रगति की भी जानकारी ली गई। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
