देहरादून: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार से अंतरराष्ट्रीय स्तर की शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता का आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में देश और विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व अधिकारियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे उत्तराखंड की पहचान विंटर और आइस स्पोर्ट्स के लिए अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के रूप में मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल सीमाओं से परे लोगों को जोड़ते हैं और ऐसे आयोजन देशों के बीच मित्रता, सद्भाव व खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि मैदान में जीत और हार दोनों स्वाभाविक हैं, लेकिन असली सफलता अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और कभी हार न मानने के जज्बे में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के साथ खेल भावना की भी मिसाल पेश करेंगे।
‘खेलो इंडिया’ से बदली देश की खेल संस्कृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सोच और माहौल में बड़ा बदलाव आया है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने खेल संस्कृति को मजबूत किया है। भारतीय खिलाड़ी आज ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भी खेलों को नई दिशा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिससे आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का मजबूत आधार तैयार हुआ। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड अब बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है।
8 शहरों में बनेंगी 23 खेल अकादमियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर काम चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।
नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिया जा रहा है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा-प्रशिक्षण तथा विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
विंटर और आइस स्पोर्ट्स पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। लक्ष्य है कि उत्तराखंड को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाए।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
