प्रॉपर्टी विवाद में ब्लैकमेलिंग का आरोप, 50 हजार रुपये वसूलने के मामले में कथित पत्रकार गिरफ्तार

 

 

 

  • झूठी खबर चलाने की धमकी देकर मांगे थे पांच लाख रुपये
  • पुलिस को डायरी में मिला मोबाइल छिपाने के लिए बनाया गया सीक्रेट चैंबर

देहरादून : प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए शिकायतकर्ता को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया था। पीड़ित ने डरकर उसके बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए थे।

पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी मामले में एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया और प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें अपने न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की धमकी दी। आरोप है कि खबरें रोकने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे गए।

शिकायत के अनुसार, धमकी से डरकर तनवीर खान ने अनुज अग्रवाल के नाम से बताए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद शेष रकम न देने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी। शिकायत के साथ पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और भुगतान से संबंधित प्रमाण भी दिए गए।

ISBT के पास से गिरफ्तारी, तीन मोबाइल और डायरी बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात उसे पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की गई।

पुलिस का कहना है कि डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए एक सीक्रेट चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इसका इस्तेमाल लोगों के वीडियो गोपनीय रूप से बनाने के लिए किया जाता था। आरोपी के मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के ऐसे वीडियो मिलने की बात भी पुलिस ने कही है। इन वीडियो की जांच की जा रही है।

पटेलनगर का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनुज अग्रवाल (46), मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में द्वारिकापुरी, क्लेमेंट टाउन, देहरादून में रहता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, अमानत में खयानत, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। संबंधित राज्यों से इन मामलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इस प्रकरण में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

(Visited 83 times, 83 visits today)