नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। पूर्वोत्तर से लेकर पूर्वी और उत्तर भारत तक बारिश का दौर जारी है। सिक्किम के रिंबी गांव में भारी बारिश के बाद बड़े पैमाने पर लैंडस्लाइड हुआ, जिससे कई घर और सरकारी भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत की बात है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
वहीं ओडिशा में बारिश के चलते निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड से कई घर क्षतिग्रस्त
ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में लगातार बारिश के बाद गुरुवार रात लैंडस्लाइड हुआ। मलबे की चपेट में कई घर और बिजली विभाग के सरकारी आवास आए। प्रशासन ने प्रभावित और संवेदनशील परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
https://x.com/ANI/status/2103321889766810087?s=20
ओडिशा में बारिश से बढ़ी बाढ़ की चिंता
ओडिशा में बंगाल की खाड़ी से बने मौसम तंत्र के कारण बारिश का दौर बना हुआ है। IMD के अनुसार सिस्टम कमजोर हो रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है। राज्य में निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत केंद्रों में पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
बंगाल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में भी बारिश का असर बना हुआ है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी है।
यूपी-बिहार और झारखंड में भी मौसम बिगड़ा
उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। IMD ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। बिहार और झारखंड में भी बारिश के साथ तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
एमपी-छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
उत्तराखंड-हिमाचल में भी अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय है। उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के बीच देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान लैंडस्लाइड और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है।
