देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027, नंदा देवी राजजात यात्रा तथा प्रदेशभर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए कुल 213 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में सड़क निर्माण, पेयजल योजनाएं, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास, कृषि ऋण सहायता और जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 की नंदा देवी राजजात यात्रा के अंतर्गत चमोली जिले के नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 8.68 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। साथ ही कुंभ मेला-2027 की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस प्रशासन हेतु प्रस्तावित 35 करोड़ रुपये की धनराशि को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए उधमसिंहनगर के रुद्रपुर क्षेत्र में बिन्दुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु 3.95 करोड़ रुपये, देहरादून में रिस्पना पुल से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलीवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए 3.37 करोड़ रुपये, अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र में शहीद लांस नायक दिनेश सिंह मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 4.92 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र में ताला-बरंगाली मोटर मार्ग के सुधारीकरण हेतु 3.17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के तहत अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र स्थित कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 50.08 लाख रुपये, चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना हेतु 60 लाख रुपये तथा पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में श्री हयों गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण और मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 85 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
पेयजल योजनाओं के लिए रुद्रप्रयाग की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत में छेनागाड़ पेयजल योजना के क्रियान्वयन हेतु 55.22 करोड़ रुपये तथा देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप खनन और संबंधित कार्यों के लिए 2.22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
बागेश्वर जिले में देवलधार-माईथान-लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण के लिए 8.52 करोड़ रुपये, अल्मोड़ा के चौखुटिया क्षेत्र में राम पादुका मंदिर स्नान घाट निर्माण के लिए 37.60 लाख रुपये तथा सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए 1.25 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई है।
इसके अतिरिक्त हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 16.49 लाख रुपये तथा सितारगंज क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए 2.67 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए फसल ऋण, वाणिज्यिक फसलों और सहकारी क्षेत्र की मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के मद में प्रस्तावित 130 करोड़ रुपये में से 81.47 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विकासखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखे जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
