देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है और आने वाले घंटों में हालात बिगड़ सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को राज्य के पांच पर्वतीय जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं, अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को अलर्ट जारी करते हुए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने और संवेदनशील इलाकों में आवाजाही सीमित रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं और सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सड़कों के बाधित होने पर उन्हें जल्द से जल्द बहाल करने, फील्ड अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने और आपदा उपकरणों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, ऊंचाई वाले इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने और शहरों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।