हल्द्वानी में ‘रन फॉर अवेयरनेस’ को CM धामी ने दिखाई हरी झंडी, बोले— नशे के खिलाफ यह युवाओं की निर्णायक दौड़

 

 

 

 

हल्द्वानी: CM पुष्कर सिंह धामी ने नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई इस रैली में हजारों युवा, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश है। उन्होंने कहा, “यह एक स्वस्थ और समृद्ध उत्तराखंड के संकल्प की दौड़ है। जब आप आगे बढ़ेंगे, तो पूरे प्रदेश में यह संदेश जाएगा कि युवा अब नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कह रहा है।”

मुख्यमंत्री ने नशे को “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि यह धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है और एक बार इसकी चपेट में आने के बाद बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है। यह न केवल व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरित होकर राज्य सरकार मिशन मोड में कार्य कर रही है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन के बाद हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है। साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (ATF) केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जीती जा सकती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई और आह्वान किया कि हर व्यक्ति स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी जागरूक करे।

कार्यक्रम में डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि, डॉ. हरीश रौतेला, राम सिंह कैड़ा, गजराज सिंह बिष्ट, दीपक रावत, ललित मोहन रयाल, मंजूनाथ टीसी सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

(Visited 1,792 times, 1 visits today)