थराली आपदा: बादल फटने से तबाही, सीएम धामी ने जताया दुःख, राहत-बचाव कार्य तेज

 

 

 

 

थराली/देहरादून:  चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। टूनरी गदेरे में आए उफान से थराली बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भारी मलबा घुस गया। मलबे की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा तहसील परिसर व एसडीएम आवास भी प्रभावित हुए हैं। कई वाहन मलबे में दब गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। लापता व्यक्ति की सुरक्षित वापसी की कामना करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस व आपदा प्रबंधन विभाग को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

राहत व बचाव कार्य

सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई, जबकि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें आपदा क्षेत्र के लिए रवाना हो चुकी हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। कर्णप्रयाग–ग्वालदम सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर सुचारू करने का कार्य जारी है।

सीएम की जनप्रतिनिधियों से वार्ता

मुख्यमंत्री धामी ने चमोली जनपद के जनप्रतिनिधियों से टेलीफोन पर वार्ता कर नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जिला प्रशासन का सहयोग करने और स्थानीय विधायक को मौके पर रहकर राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए।

(Visited 2,610 times, 1 visits today)