रुद्रप्रयाग: जनपद के बसुकेदार तहसील के बड़ेथ डुंगर तोक क्षेत्र में बादल फटने से भारी मलबा आने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई गांवों में नुकसान हुआ है, जबकि कुछ स्थानों से लोगों के गुमशुदा होने की सूचना भी प्राप्त हुई है।
प्रभावित क्षेत्रों से मिली शुरुआती जानकारी
-
स्यूर : एक मकान क्षतिग्रस्त, बोलेरो वाहन बहा।
-
बड़ेथ, बगडधार, तालजामनी : गांव के दोनों ओर गदेरे में पानी व मलबा।
-
किमाणा : खेती की भूमि व सड़क पर बोल्डर और मलबा जमा।
-
अरखुण्ड : मछली तालाब व मुर्गी फार्म बहा।
-
छेनागाड़ (बाजार क्षेत्र) : बाजार में मलबा भरने और वाहन बहने की सूचना।
-
छेनागाड़ डुगर गांव : कुछ लोगों के गुमशुदा होने की आशंका।
-
जौला बड़ेथ : कुछ लोग गुमशुदा बताए जा रहे हैं।
प्रशासन सक्रिय
जिलाधिकारी प्रतीक जैन आपदा कंट्रोल रूम से लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और मौके पर जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की जा रही है।
-
एनएच, पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई की अलग-अलग टीमें रास्ता खोलने में जुटी हैं।
-
वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित कर राहत दल प्रभावित गांवों तक भेजे जा रहे हैं।
-
गुमशुदा लोगों की तलाश और प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य जारी है।
राहत एवं बचाव कार्य
राहत-बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस व राजस्व विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद और त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
