Site icon The Mountain People

शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट, ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली

 

 

रुद्रप्रयाग : पंचकेदारों में शामिल द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के कपाट सोमवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ धाम में इस वर्ष की यात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा धाम बाबा मद्महेश्वर के जयकारों से गूंज उठा।

कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को डोली गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 17 नवंबर को गौण्डार से प्रस्थान कर डोली रांसी स्थित राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 18 नवंबर को रांसी से गिरिया गांव के लिए प्रस्थान करेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

19 नवंबर को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गिरिया गांव से रवाना होकर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार डोली का स्वागत और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

इसके बाद शीतकाल भर भगवान मद्महेश्वर की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में संपन्न होगी। श्रद्धालु अब शीतकाल के दौरान ऊखीमठ पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Exit mobile version