प्रवासी उत्तराखंडियों से गांवों की तस्वीर बदलने की उम्मीद, रिवर्स पलायन में 44% की बढ़ोतरी: धामी

 

 

 

TMP: उत्तराखंड की जड़ों से जुड़ाव अब गांवों के विकास की नई उम्मीद बन रहा है। देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जन्मभूमि से जोड़ने की मुहिम के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिवर्स पलायन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार चाहती है कि प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभव, तकनीकी ज्ञान और कौशल का इस्तेमाल राज्य के विकास में भी करें।

शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर साल इस आयोजन के जरिए प्रवासियों को अपनी जड़ों, संस्कृति और पैतृक गांवों से जुड़ने का अवसर दे रही है। उन्होंने बताया कि कई प्रवासी अब अपने गांवों को गोद लेकर वहां के विकास में योगदान दे रहे हैं। सरकार प्रवासियों से मिलने वाले सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने की दिशा में भी काम कर रही है।

120 साल पुराने पैतृक घर को संवार रहे केंद्रीय सचिव

सम्मेलन में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने अपने पैतृक गांव का उदाहरण साझा किया। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ स्थित उनके गांव तक तीन साल पहले सड़क पहुंची, जिसके बाद अब वह अपने करीब 120 वर्ष पुराने पैतृक मकान का जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। उन्होंने गांव तक सड़क पहुंचाने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। पंत ने कहा कि जन्मभूमि उनके लिए स्वर्ग के समान है और सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय अपनी जन्मभूमि को समर्पित करना चाहते हैं।

प्रसून जोशी ने कविता से दिखाई उत्तराखंड की विकास यात्रा

प्रसार भारती के अध्यक्ष और गीतकार प्रसून जोशी ने उत्तराखंड की नई पीढ़ी के आत्मविश्वास को राज्य की बदलती पहचान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपनी बोली-भाषा पर भले ही पहले जैसी पकड़ न रखते हों, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उनमें पहले से अधिक आत्मविश्वास है। इस दौरान उन्होंने ‘ये उत्तराखंड का उदय है’ कविता सुनाकर प्रदेश की विकास यात्रा और गौरव को शब्दों में पिरोया।

पहाड़ की सरलता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत: चित्रांशी रावत

अभिनेत्री चित्रांशी रावत ने कहा कि पहाड़ के लोगों की पहचान उनकी सरलता और संघर्षशीलता से है। पहाड़ का व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में पहुंच जाए, उसके भीतर का पहाड़ हमेशा जीवित रहता है। उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा पर भी भरोसा जताया।

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने भी उत्तराखंड को अपनी जन्मभूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया।

शीतकालीन यात्रा को लेकर सरकार की तैयारी

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान शीतकालीन यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सर्दियों में भी उत्तराखंड आने और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद इन स्थलों पर होने वाली पूजा-अर्चना का भी विशेष धार्मिक महत्व है।

दो अग्निवीरों को पीएसी में समायोजन की मंजूरी

सैनिकों के सम्मान और अग्निवीर योजना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल की सेवा पूरी करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने का सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के पहले बैच के दो जवानों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का सम्मान उत्तराखंड की परंपरा का हिस्सा है।

(Visited 8 times, 8 visits today)