Site icon The Mountain People

उत्तराखंड में विकास कार्यों के लिए 805 करोड़ रुपये मंजूर, बांध सुरक्षा के लिए 398 करोड़ स्वीकृत

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में सड़क, पेयजल, सीवर व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास और अन्य निर्माण कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुल 805 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि में यूजेवीएनएल के छह बांधों और बैराजों की सुरक्षा व सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के तहत 398.30 करोड़ रुपये तथा शहरी स्थानीय निकायों की तीसरी तिमाही की किश्त के रूप में 328.28 करोड़ रुपये शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकृत योजनाएं प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से जुड़ी हैं। इनमें सड़क निर्माण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, सीवर लाइनों का प्रतिस्थापन, नलकूप और ओवरहेड टैंक निर्माण सहित प्रशासनिक भवनों के निर्माण के कार्य शामिल हैं।

बांधों की सुरक्षा के लिए 398.30 करोड़ रुपये

स्वीकृत धनराशि में सबसे बड़ा हिस्सा यूजेवीएनएल लिमिटेड के छह बांधों और बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के लिए रखा गया है। विश्व बैंक पोषित परियोजना के अंतर्गत इसके लिए 398.30 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

शहरी निकायों को मिलेंगे 328.28 करोड़

प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही यानी अक्टूबर से दिसंबर 2026 की किश्त के लिए 328.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह धनराशि छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रतीक्षा में पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर तदर्थ रूप से दी जाएगी।

मंदिरों और मेला स्थलों के विकास को भी मंजूरी

चम्पावत जिले की ग्राम पंचायत दुधौरी में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 58.67 लाख रुपये और ग्राम पंचायत क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 47.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पिथौरागढ़ में गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये तथा अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर के जसपुर विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

हरिद्वार और देहरादून में सीवर-पेयजल कार्य

हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में क्षतिग्रस्त और कम व्यास वाली सीवर लाइनों को बदलने के लिए 7.65 करोड़ रुपये तथा कनखल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन के लिए 6.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

देहरादून के धामावाला वार्ड में डिस्पेंसरी रोड से राजा रोड तक क्षतिग्रस्त सीवर लाइन बदलने के लिए 3.80 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं रायपुर विकासखंड के चक तुनवाला और भद्रकाली एन्क्लेव क्षेत्र में नलकूप, ओवरहेड टैंक, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 9.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

प्रशासनिक भवनों और सड़क निर्माण के लिए बजट

हरिद्वार के रोशनाबाद में आबकारी विभाग के कार्यालय और आवासीय भवन के निर्माण के लिए 9.09 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ नगर निगम के कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 24.47 करोड़ रुपये तथा चम्पावत के पूर्णागिरी मेले के लिए सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन बनाने के लिए 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

अन्य स्वीकृत कार्यों में देहरादून के रायपुर स्थित RGICS की मौजूदा पहली मंजिल पर प्रस्तावित शेड निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख रुपये शामिल हैं।

उत्तरकाशी के हर्षिल में मुख्य मार्ग पर भवन संख्या 1 से 23 तक के बाहरी हिस्सों के सौंदर्यीकरण यानी फसाड ट्रीटमेंट के पहले चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

Exit mobile version