देहरादून ट्रिपल मर्डर: 600 रुपये की मजदूरी के विवाद में बुजुर्ग दंपति समेत तीन की हत्या

 

 

 

 

देहरादून: रायपुर क्षेत्र में मंगलवार को बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में घर पर प्लंबिंग का काम करने वाले राजकुमार को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, मजदूरी के पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से हमला किया।

मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, 75 वर्षीय रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं।

दो साल से कपूर दंपति के घर करता था काम

पुलिस के मुताबिक आरोपी राजकुमार पिछले करीब दो साल से कपूर दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम करता था। मंगलवार को भी उसे दंपति ने घर पर काम के लिए बुलाया था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि काम पूरा करने के बाद उसने 600 रुपये मजदूरी मांगी, लेकिन दंपति की ओर से 300 रुपये देने की बात कही गई। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। आरोपी के मुताबिक, विवाद के दौरान उसे कथित तौर पर गालियां दी गईं, जिसके बाद वह गुस्से में आ गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद राजकुमार ने अपने पास मौजूद पेचकस से दंपति पर हमला कर दिया।

बचाने पहुंची महिला पर भी हमला

घटना के दौरान बुजुर्ग दंपति की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी मौके पर पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उन पर भी पेचकस से हमला कर दिया। तीनों को घर के अंदर घायल और अचेत अवस्था में पाया गया। पुलिस के पहुंचने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

‘चोर-चोर’ की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पकड़ा

घटना के बाद पड़ोसियों ने आरोपी को भागते हुए देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पड़ोस की महिलाओं ने शोर मचाते हुए ‘चोर-चोर’ चिल्लाना शुरू किया।

गली के मोड़ पर स्थित लाइब्रेरी के पास मौजूद कुछ युवकों ने आरोपी को पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।

CCTV और फॉरेंसिक जांच जारी

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को कपूर दंपति के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है।

दोनों बेटे दिल्ली और पुणे में रहते हैं

पुलिस के अनुसार कपूर दंपति के दो बेटे हैं। एक दिल्ली में रहता है, जबकि दूसरा पुणे में नौकरी करता है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास रह रहा था।

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

(Visited 10 times, 1 visits today)