बदरीनाथ: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने आस्था पथ समेत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को काम में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और धाम की धार्मिक एवं पारंपरिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद सीएम धामी ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में हिस्सा लिया। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से ज्यादा हरिभक्त शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। संतों और श्रद्धालुओं के बीच कथा महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक आयोजनों से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तीर्थस्थलों के विकास और सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं।
