देहरादून: उत्तराखंड के युवा नवोन्मेषक और स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट की तकनीकी प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उनके तकनीकी प्रयासों की सराहना करते हुए स्टार्टअप को नियमानुसार हरसंभव सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात के दौरान रवि टमटा ने फ्लाइंग कार के निर्माण से जुड़े तकनीकी नवाचार, अब तक हुए कार्य और आगे की कार्ययोजना के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया।
उद्योग सचिव को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने सचिव उद्योग को निर्देश दिए कि रवि टमटा के स्टार्टअप को राज्य की मौजूदा स्टार्टअप और औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। साथ ही जरूरी शासकीय प्रक्रियाओं में सहयोग करते हुए नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में तकनीक, नवाचार और उद्यमिता की अपार क्षमता है। सरकार का प्रयास है कि नए विचारों के साथ आगे बढ़ने वाले युवाओं को ऐसा इकोसिस्टम मिले, जिससे उनके प्रयोग और तकनीकी परियोजनाएं धरातल पर उतर सकें।
AI से एयरोस्पेस तक युवाओं का बढ़ रहा दायरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और नवाचार का है। उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस सहित आधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे प्रयास रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी गति दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड में नई परिवहन तकनीकों के प्रयोग की संभावनाएं भी हैं। भविष्य में तकनीक आधारित परिवहन दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने में भूमिका निभा सकता है। हालांकि, ऐसे प्रोजेक्ट्स के लिए सुरक्षा, तकनीकी क्षमता और नियामकीय मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
‘युवाओं के सपनों को पंख देना प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के युवाओं के नए विचारों और सपनों को अवसर देना है। उन्होंने कहा कि नया उत्तराखंड केवल विकास परियोजनाओं से नहीं, बल्कि युवाओं के नवाचार, तकनीकी सोच और उद्यमिता से भी आकार लेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में मजबूत पहचान दिलाना है। युवाओं के नवाचारों को प्रोत्साहन देकर उन्हें रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता और राज्य की आर्थिक प्रगति से जोड़ा जा सकता है।
रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि वह इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं और भविष्य में प्रोजेक्ट को और विकसित करने के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए आगे के लिए शुभकामनाएं दीं।

