देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
बलिदानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण से योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।
उत्तराखंड के हर क्षेत्र तक पहुंचे विकास का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में सभी की सहभागिता और सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
‘स्वतंत्रता दिवस कर्तव्यों की याद दिलाता है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से देश और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

