काशीपुर से लापता युवती 10 दिन बाद बरामद, अपहरण के आरोपी पर दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी गईं
The Mountain People
काशीपुर: नगर क्षेत्र से 5 जुलाई को लापता हुई एक युवती को पुलिस ने 10 दिन बाद सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में पड़ोस में रहने वाले 23 वर्षीय मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया है। युवती के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक धमकी की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
परिजनों की शिकायत के अनुसार आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवती घर से सोने के आभूषण और करीब 30 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई थी। दोनों अपने मोबाइल फोन घर पर छोड़ गए थे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया।
पुलिस ने तकनीकी संसाधनों के साथ व्यापक स्तर पर जांच करते हुए उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार की गई तलाश के बाद पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।