Site icon The Mountain People

चमोली में बारिश का कहर, बदरीनाथ हाईवे पर गिर रहे पत्थर; 16 ग्रामीण सड़कें भी ठप

photo- jagran

 

 

 

गोपेश्वर: चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ों से हो रहे भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई सड़कें बार-बार बंद हो रही हैं। शुक्रवार को भी भनेरपानी क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी रहा, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

बारिश के चलते जिले की 16 ग्रामीण मोटर सड़कें भी बंद पड़ी हैं। सड़क संपर्क बाधित होने से ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी प्रभावित हो रही है।

गुरुवार तड़के पनि भनेरपानी क्षेत्र में भारी मलबा और बोल्डर आने से बदरीनाथ हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। सड़क से मलबा हटाने का कार्य करीब साढ़े तीन घंटे तक चला, जिसके बाद ही मार्ग को यातायात के लिए दोबारा खोला जा सका।

प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा मार्गों को सुचारु रखने के लिए मशीनों के माध्यम से मलबा हटाने का कार्य जारी है। यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।

 
 
Exit mobile version