देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 495 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण, शहरी स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास तथा विभिन्न जनहित परियोजनाओं पर किया जाएगा।
सबसे बड़ी राशि शहरी स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के लिए स्वीकृत की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर) के लिए राज्य के सभी शहरी निकायों को 328.28 करोड़ रुपये, जबकि जिला पंचायतों को 82.21 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।
कुम्भ-2027 के लिए बिजली व्यवस्था मजबूत होगी
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के कुम्भ मेले में निर्बाध और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 43.87 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 17.55 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
सड़क और आधारभूत ढांचे पर विशेष जोर
सरकार ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सड़क निर्माण और सुधार कार्यों के लिए भी कई प्रस्तावों को मंजूरी दी है। नरेंद्रनगर विधानसभा में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 3.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हरिद्वार, लक्सर, सितारगंज, धारचूला और अन्य क्षेत्रों में भी सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए करोड़ों रुपये मंजूर किए गए हैं।
पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को बढ़ावा
नैनीताल के रामनगर में पुरानी तहसील परिसर में 38.58 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। चम्पावत में एडवेंचर पार्क के लिए 3.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अल्मोड़ा के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा चौखुटिया में रामपादुका मंदिर पर स्नान घाट निर्माण को भी मंजूरी मिली है।
सीमांत क्षेत्रों और सुरक्षा ढांचे को भी मिलेगा लाभ
पिथौरागढ़ के सीमांत गांव गुंजी के समग्र विकास के लिए 4.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं रुद्रपुर स्थित 31वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण केंद्र और बैरक निर्माण के लिए 19.91 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
महिला प्रौद्योगिकी पार्क और अन्य परियोजनाएं
चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना, देहरादून संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के विस्तार तथा अन्य विकास कार्यों को भी वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार एवं राज्य के स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के उन कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि को भी मंजूरी दी है, जो पांचवें और छठे केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे हैं। 1 जनवरी 2026 से पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत, जबकि छठे वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दिया गया है।
दो मोटर मार्गों का बदला जाएगा नाम
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में बिडोरा–छेवी पातशाही गेट–धूमखेड़ा मार्ग का नाम “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” तथा सौनी–डौडाखाल–तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर रखने को भी मंजूरी दी है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय निकायों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन मिलेंगे और कुम्भ-2027 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की तैयारियों को गति मिलेगी।

