राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला: आठ आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख नकद समेत विदेशी मुद्रा और आभूषण बरामद

 

 

 

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस ने अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक शिक्षक, पूर्व कार मैकेनिक, बैंक का सेवानिवृत्त कर्मचारी और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े संविदा कर्मचारी शामिल हैं।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 20 लाख रुपये नकद, विदेशी मुद्रा, आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने मंदिर में आने वाले चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान ही गबन किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुनियोजित तरीके से चढ़ावे की राशि में हेराफेरी की जाती थी।

मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों, चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गबन की कुल राशि कितनी है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा धन का इस्तेमाल कहां किया गया।

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(Visited 6 times, 3 visits today)