देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने राज्य कैबिनेट द्वारा लिए गए विभिन्न निर्णयों का स्वागत करते हुए उन्हें जनकल्याण, शिक्षा, कर्मचारी हित और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रदेश को ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ घोषित किए जाने पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक पहुंचना उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि सरकार की शिक्षा क्षेत्र में प्रतिबद्धता और दूरस्थ क्षेत्रों तक शैक्षिक सुविधाएं पहुंचाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूर्ण साक्षरता के साथ उत्तराखंड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।
महेंद्र भट्ट ने उपनल कर्मचारियों के लिए ‘समान कार्य-समान वेतन’ योजना की कट-ऑफ तिथि 15 अगस्त 2024 तक बढ़ाए जाने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों से किया गया वादा निभाया है, जिससे हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी।
उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में प्रमाण पत्र संबंधी राहत दिए जाने को भी सकारात्मक निर्णय बताया। साथ ही संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत विद्यालयों की मान्यता, पाठ्यक्रम और परीक्षा व्यवस्था में सुधार संबंधी फैसलों को देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाला कदम बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कृषि और हर्बल उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहन देने, अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली को मंजूरी देने तथा चारधाम यात्रा से जुड़े घोड़ा-खच्चर संचालकों को बीमा सहायता उपलब्ध कराने के निर्णयों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने लोक निर्माण, आबकारी और पशुपालन विभागों से जुड़े सुधारात्मक निर्णयों को भी राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। महेंद्र भट्ट ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए जा रहे ऐसे निर्णय उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
