विश्व विजेता एमएमए फाइटर दिगंबर रावत से मिले मुख्यमंत्री धामी, कहा- उत्तराखंड के युवा रच रहे सफलता की नई कहानी
The Mountain People
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में चमोली जनपद निवासी एवं मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिगंबर सिंह रावत ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिगंबर सिंह रावत को एमएफएन (Matrix Fight Night) लाइटवेट विश्व चैम्पियन बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिगंबर सिंह रावत ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि उत्तराखंड के युवा खेलों के क्षेत्र में भी वैश्विक पहचान स्थापित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दिगंबर सिंह रावत भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे तथा नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि चमोली जनपद के निवासी दिगंबर सिंह रावत वर्तमान में Matrix Fight Night लाइटवेट विश्व चैम्पियन हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में आयोजित एमएफएन-18 प्रतियोगिता में पहले ही राउंड में तकनीकी नॉकआउट (टीकेओ) के जरिए शानदार जीत दर्ज कर रिक्त विश्व खिताब अपने नाम किया था।
दिगंबर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से युवाओं का मनोबल बढ़ रहा है और उन्हें अपने लक्ष्यों को हासिल करने की नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की खेलोन्मुखी नीतियां प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही हैं।