गढ़वाल में जंगल की आग पर वन विभाग सख्त, 66 मुकदमे दर्ज, एक गिरफ्तार
The Mountain People
पौड़ी: गढ़वाल मंडल में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं को लेकर वन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जंगलों में आग लगाने के मामलों में विभाग ने अब तक कुल 66 मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें एक आरोपी की गिरफ्तारी भी की गई है।
वन विभाग के अनुसार सिविल वन क्षेत्रों में आग लगाने के मामले में 9 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें 8 मामले अज्ञात लोगों के खिलाफ हैं, जबकि एक नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं आरक्षित वन क्षेत्रों में कुल 57 वाद दर्ज किए गए हैं।
इन मामलों में शिवालिक सर्किल में 18, यमुना सर्किल में 7, भागीरथी सर्किल में 4 और गढ़वाल सर्किल में सबसे अधिक 28 मामले दर्ज किए गए हैं।
मुख्य वन संरक्षक धीरज पांडे ने शनिवार को पौड़ी में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गढ़वाल मंडल के चार सर्किलों के अंतर्गत आने वाले 20 वन प्रभागों में अब तक जंगलों में आग लगने की 297 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं में लगभग 258 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी दल सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और रिस्पॉन्स टाइम बेहतर बनाने के लिए ग्रामीणों तथा अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
सीसीएफ धीरज पांडे ने कहा कि विभाग गुलदार और भालू जैसे वन्यजीवों के बढ़ते आक्रामक व्यवहार के कारणों का भी अध्ययन कर रहा है। इसके लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई है।