विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग सतर्क, जिलाधिकारियों को दिए निर्देश

 

 

 

 

TMP: देहरादून में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर. सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में सचिवालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने SIR अभियान की तैयारियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और बूथ स्तर पर की जा रही गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती अभी शत-प्रतिशत नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर जल्द नियुक्तियां सुनिश्चित करें। साथ ही जहां बीएलए तैनात हो चुके हैं, वहां उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन जनपदों में बड़ी आवासीय सोसायटीज हैं, वहां नोडल अधिकारियों की तैनाती कर विशेष कैंपों के लिए रोस्टर तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बीएलओ हाउस-टू-हाउस विजिट के दौरान अनिवार्य रूप से निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र पहनकर ही क्षेत्र में जाएं, ताकि मतदाताओं में भरोसा बना रहे।

बैठक में प्रशिक्षण मॉड्यूल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इसके अलावा गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक व्यवस्था और वितरण योजना को लेकर भी सभी जनपदों से फीडबैक लिया गया।

इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

(Visited 736 times, 1 visits today)