दून की हवा में घुलने लगा प्रदूषण , गर्मी बढ़ते ही बिगड़ी राजधानी की एयर क्वालिटी, AQI लगातार 100 के पार

 

 

 

देहरादून: राजधानी देहरादून में तापमान बढ़ने के साथ ही अब हवा की गुणवत्ता भी खराब होने लगी है। कुछ दिन पहले तक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहने वाली दून की हवा अब ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई है। इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है, खासकर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह चिंता का विषय बनता जा रहा है।

उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, गर्मी में बढ़ोतरी के बाद पहली बार 13 मई को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया। 12 मई को जहां एक्यूआई 69 के साथ संतोषजनक श्रेणी में था, वहीं अगले ही दिन यह बढ़कर 113 पर पहुंच गया। इसके बाद से लगातार एक्यूआई 100 के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर 16 और 17 मई के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन 18 मई को दर्ज एक्यूआई 101 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि गर्मी का असर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में वायु प्रदूषण और गंभीर हो सकता है। राहत केवल मानसून या बारिश के बाद मिलने की संभावना है।

दून में ऐसे बदला हवा का मिजाज

तिथि AQI स्थिति
18 मई 101 मध्यम
15 मई 103 मध्यम
14 मई 113 मध्यम
13 मई 113 मध्यम
12 मई 69 संतोषजनक
11 मई 71 संतोषजनक
10 मई 54 संतोषजनक
09 मई 53 संतोषजनक
07 मई 33 अच्छी

क्यों बढ़ रहा है प्रदूषण?

विशेषज्ञों के अनुसार, तेज धूप और अधिक तापमान के कारण वाहनों और फैक्ट्रियों से निकलने वाली गैसें जमीन के पास मिलकर ओजोन गैस बनाती हैं। इसे ‘ग्राउंड लेवल ओजोन’ कहा जाता है, जो गर्मी बढ़ाने के साथ-साथ सांस की बीमारियों को भी बढ़ावा देती है।

इसके अलावा अधिक तापमान के कारण मिट्टी सूखने लगती है, जिससे हवा में धूल कणों की मात्रा बढ़ जाती है। कई बार गर्म मौसम में हवा की गति भी कम हो जाती है, जिससे प्रदूषण फैलाने वाले कण एक ही स्थान पर जमा होने लगते हैं और वायु गुणवत्ता खराब हो जाती है।

विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

 
(Visited 914 times, 1 visits today)