देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किया गया आह्वान केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यदि नागरिक छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं, तो इसका सीधा सकारात्मक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने और ऊर्जा संरक्षण पर जोर दिया।
सोने की खरीद और खाद्य तेल के संयमित उपयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि लोग एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद टालें और खाद्य तेल का संयमित उपयोग करें, तो इससे देश की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है। उन्होंने खेती में रासायनिक उर्वरकों की जगह प्राकृतिक खाद के इस्तेमाल को भी बढ़ावा देने की बात कही।
‘वोकल फॉर लोकल’ को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
सीएम धामी ने स्पष्ट संदेश दिया कि ऊर्जा बचत, स्वदेशी अपनाने और जिम्मेदार उपभोग जैसी छोटी पहलें ही देश को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी ताकत बन सकती हैं।