Site icon The Mountain People

फिल्म मेकर्स की पहली पसंद बन रहा उत्तराखंड, CM धामी से मिले निर्देशक मधुर भंडारकर; निवेश और शूटिंग पर हुई अहम चर्चा

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने, निवेश आकर्षित करने और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म शूटिंग के लिए बेहद उपयुक्त है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बने और इसे एक मजबूत फिल्म शूटिंग हब के रूप में विकसित किया जाए।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की आधुनिक फिल्म नीति के तहत निर्माताओं को आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए शूटिंग से जुड़ी सभी अनुमतियों को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है, जिससे फिल्म निर्माण प्रक्रिया काफी सरल हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में उत्तराखंड में कई हिंदी फिल्मों, क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज़ की शूटिंग सफलतापूर्वक हुई है, जिससे राज्य तेजी से फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां की वादियां, झीलें, धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक लोकेशन फिल्म निर्माताओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोकेशन बैंक तैयार किया गया है, जिसमें पर्वतीय क्षेत्र, झीलें, वन, ऐतिहासिक स्थल और धार्मिक धाम शामिल हैं, जिससे फिल्म निर्माताओं को विविध लोकेशन एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को इस क्षेत्र से जोड़ने के साथ-साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दे रही है।

इसके साथ ही राज्य में फिल्म सिटी के विकास पर भी काम चल रहा है, जिससे फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया प्रदेश के भीतर ही संभव हो सकेगी।

इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती और अनुकूल माहौल की सराहना करते हुए भविष्य में यहां फिल्म शूटिंग करने की इच्छा जताई।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन को भी नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

 
 
Exit mobile version