Site icon The Mountain People

देहरादून सर्किट हाउस एनेक्सी का होगा कायाकल्प, लोकसंस्कृति के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के दिशा-निर्देशों में राज्य के अतिथि गृहों को आधुनिक और आकर्षक बनाने की दिशा में तेजी लाई गई है। इसी क्रम में गुरुवार को सर्किट हाउस एनेक्सी, देहरादून में नवीनीकरण कार्य को लेकर औचक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की अध्यक्षता आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने की।

निरीक्षण के दौरान डॉ. राजेश कुमार ने नवीनीकरण की प्रस्तावित योजना का गहन अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य केवल मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गेस्ट हाउस को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के रूप में विकसित किया जाएगा।

लोकसंस्कृति की झलक के साथ आधुनिक रूप

निर्देश दिए गए कि मीटिंग हॉल का पूर्ण नवीनीकरण किया जाए और उसकी दीवारों पर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को दर्शाने वाली पेंटिंग्स लगाई जाएं, ताकि यहां आने वाले अतिथियों को प्रदेश की समृद्ध परंपरा की झलक मिल सके।

पहले चरण में कमरों का कायाकल्प

नवीनीकरण कार्य को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में मुख्य भवन के कक्ष संख्या 1 से 12 (भूतल 1–6 और प्रथम तल 7–12) का कायाकल्प होगा। इसके साथ ही डोरमैट्री के भूतल के कक्ष 19 से 22 तक के चार कमरों को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

बेहतर लाइटिंग और खुला लॉन

कोरिडोर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही डोरमैट्री के पास स्थित लॉन क्षेत्र में खुलापन बढ़ाने के लिए बाउंड्री हटाने को भी कहा गया है।

दूसरे चरण में विस्तार की योजना

दूसरे चरण में गेस्ट हाउस परिसर के विस्तार और नई सुविधाओं पर फोकस किया जाएगा। अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए गद्दों की खरीद और हर कक्ष में डीटीएच कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर अपर सचिव लक्ष्मण सिंह, मुख्य व्यवस्थाधिकारी आलोक सिंह चौहान, वरिष्ठ व्यवस्थाधिकारी पी.एल. शाह, पेयजल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश चंद्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

“आधुनिक सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक पहचान भी”

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के अतिथि गृहों को आधुनिक, सुविधाजनक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह नवीनीकरण केवल संरचनात्मक सुधार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान को प्रदर्शित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

Exit mobile version