देहरादून: मुख्य सचिव Anand Bardhan की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनज़र प्रदेश में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के साथ सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में पूर्ति विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि राज्य में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को उनकी मांग के अनुरूप समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से विभिन्न जनपदों में गैस आपूर्ति की स्थिति पर फीडबैक लिया और निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एलपीजी गैस या अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध बिक्री और जमाखोरी रोकने के लिए नियमित छापेमारी, स्टॉक की जांच और निगरानी अभियान तेज करने को कहा।
बैठक में विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी, दर्ज एफआईआर और की गई कार्रवाई का भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को गैस कंपनियों और वितरकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा उन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि गैस आपूर्ति सुचारु बनी रहे और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

