Site icon The Mountain People

चारधाम यात्रा 2025 के ट्रैफिक मैनेजमेंट मॉडल को SKOCH Award, उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस के लिए यह गर्व का विषय है कि चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन हेतु विकसित अभिनव ट्रैफिक एवं कंट्रोल रूम प्रबंधन प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित SKOCH Award के लिए चयनित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (यातायात) लोकजीत सिंह के नेतृत्व में “चारधाम यात्रा 2025 : निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव कंट्रोल रूम समाधान” नामक परियोजना को 106वें SKOCH समिट में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान शासन और विकास के क्षेत्र में परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए प्रदान किया जाता है।

तकनीक आधारित ट्रैफिक प्रबंधन से बेहतर व्यवस्था

चारधाम यात्रा के दौरान प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा उन्नत कंट्रोल रूम सिस्टम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल समन्वय, इंटेलिजेंट रूट डायवर्जन और सुदृढ़ आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र लागू किया गया। इसके चलते यातायात जाम में कमी आई और तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई।

28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में मिलेगा सम्मान

यह पुरस्कार 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106वें SKOCH समिट के दौरान प्रदान किया जाएगा। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने एसपी (ट्रैफिक) लोकजीत सिंह और पूरी ट्रैफिक पुलिस टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

संकट प्रबंधन में भी निभाई अहम भूमिका

चारधाम यात्रा 2025 के दौरान धराली आपदा, आतंकी घटनाओं के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था, तथा विभिन्न हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के समय राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी समन्वय में कंट्रोल रूम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। सीमित समय में स्थापित इस केंद्रीकृत कंट्रोल रूम ने बहु-एजेंसी समन्वय के साथ त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया।

पहले भी मिल चुके हैं राष्ट्रीय व राज्य सम्मान

गौरतलब है कि श्री लोकजीत सिंह को इससे पूर्व वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन के लिए FICCI स्मार्ट पुलिसिंग अवॉर्ड तथा वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन के लिए राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल एक अधिकारी के नेतृत्व की पहचान है, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी नवाचार और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

Exit mobile version