देहरादून: सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने शनिवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्रदेश में हो रही वर्षा, बर्फबारी एवं कोहरे के दृष्टिगत विभिन्न जनपदों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 24×7 अलर्ट मोड में रहते हुए जन सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए।
सचिव ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और नियमित रूप से अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन ने बंद सड़कों, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति तथा विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों और व्यक्तियों के फंसे होने की घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बर्फबारी से प्रभावित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए तथा सड़क खोलने की मशीनरी एवं संसाधनों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि बिजली एवं पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीमें लगातार फील्ड में तैनात रहें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यदि किसी क्षेत्र में वाहन या व्यक्ति फंसे होने की सूचना मिलती है, तो जिला प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करे।
सचिव सुमन ने दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए शीतलहर एवं बर्फबारी को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी जनपदों को आपातकालीन संसाधन, मानव बल एवं उपकरण पूरी तरह तैयार रखने तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को निरंतर जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि प्रतिकूल मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन या आपात सेवाओं से संपर्क करें।

