Site icon The Mountain People

हरिद्वार में घूसकांड: जिला पूर्ति अधिकारी के घर विजिलेंस की छापेमारी, 3.50 लाख नकद बरामद

 

 

 

हरिद्वार: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने शुक्रवार देर रात जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) श्याम आर्य के आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान टीम ने उनके घर से करीब 3.50 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की है।

विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के एक राशन डीलर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि डीएसओ द्वारा दुकान मर्ज करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाया और शुक्रवार को श्याम आर्य व उनके सहायक गौरव शर्मा को 50 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने दोनों आरोपियों से देर रात तक पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर जब डीएसओ के आवास की तलाशी ली गई तो वहां से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की पुष्टि हुई।

विजिलेंस विभाग इस मामले में आगे की जांच कर रहा है और बरामद नकदी के स्रोतों की भी पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

 
Exit mobile version