देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण व पुनर्निर्माण, पेयजल, आवास, पंचायतीराज संस्थाओं को वित्तीय हस्तांतरण तथा आपदा राहत से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए कुल ₹183.71 करोड़ की धनराशि के अनुमोदन को स्वीकृति प्रदान की है।
आगामी श्री नन्दा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र थराली में नन्दप्रयाग–घाट–सुतोल–कनोल मोटर मार्ग (किमी 20 से 40) के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹12.90 करोड़ की स्वीकृति दी है, जिससे तीर्थयात्रा के दौरान आवागमन सुगम हो सकेगा।
जनपद चमोली में कर्णप्रयाग शाखा के अंतर्गत सोनली–देवली बागर जलापूर्ति योजना के लिए ₹6.55 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं देहरादून जनपद में पीली कोठी से बालावाला–गुलरघाटी एफआईसी तक 3 किमी मार्ग तथा कस्तूरी चौक समशेरगढ़ होते हुए बालावाला क्रॉसिंग तक लगभग 2 किमी मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण (प्रथम चरण) हेतु ₹5.89 लाख की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी में पनचक्की–चौफुला–कठघरिया नहर कवरिंग के उपरांत मार्ग के सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण के लिए ₹11.15 करोड़, विकासखंड यमकेश्वर में पीपलकोटी से दुगड्डा तक सड़क के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण (प्रथम चरण) हेतु ₹32.52 लाख, तथा मरचूला–कूपी भैरंगखाल (राज्य मार्ग संख्या–32) के चौड़ीकरण के लिए ₹5.11 लाख की धनराशि स्वीकृत की है।
इसके अतिरिक्त जनपद हरिद्वार के रोशनाबाद में अभियोजन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए टाइप-द्वितीय के 02, टाइप-तृतीय के 20 और टाइप-चतुर्थ के 02 आवासीय भवनों के निर्माण हेतु ₹11.29 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पंचायतीराज संस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए भारत सरकार से प्राप्त द्वितीय किश्त से जिला पंचायतों को ₹21.17 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को ₹14.12 करोड़ और ग्राम पंचायतों को ₹105.86 करोड़, कुल ₹141.15 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित करने के अनुमोदन को मंजूरी दी है।
आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ में प्राकृतिक आपदा से मृत 09 व्यक्तियों के परिजनों को ₹1-1 लाख की दर से कुल ₹9 लाख तथा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 05 भवनों के स्वामियों को ₹3-3 लाख की दर से कुल ₹15 लाख की अतिरिक्त राहत राशि स्वीकृत की है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास, जनकल्याण और आपदा पीड़ितों की सहायता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, आवास और पंचायतों को सशक्त कर प्रदेश को संतुलित और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
