Site icon The Mountain People

नागपुर में सनसनी: गर्लफ्रेंड का नंबर न देने पर खूनी हमला, युवक की मौत, दोस्त गंभीर

 

 

 

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नागपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती का मोबाइल नंबर देने से इनकार करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। मामूली विवाद ने कुछ ही घंटों में हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

यह घटना गुरुवार देर रात नागपुर के दाबो पब की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रणय नन्नावरे अपने दोस्त गौरव कारडा और अन्य मित्रों के साथ पब में पार्टी कर रहा था। उनके साथ मुंबई से आई उनकी महिला मित्र नादिया भी मौजूद थी। इसी दौरान पास की टेबल पर बैठे कुछ युवकों ने नादिया से उसका मोबाइल नंबर मांगा। इस पर प्रणय और गौरव ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। हालांकि उस समय वहां मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आरोपी युवकों ने बदला लेने की ठान ली। पार्टी खत्म होने के बाद तड़के जब प्रणय और गौरव पब से बाहर निकले और होटल की ओर बढ़ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में प्रणय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गौरव को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चश्मदीदों के बयान और पब व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हमले के पीछे की पूरी साजिश खंगाली जा रही है।

Exit mobile version