देहरादून के विकास पर धामी–थपलियाल मंथन, मुख्यमंत्री ने नगर निगम को दिया त्वरित सहयोग का भरोसा

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राजधानी देहरादून के समग्र और योजनाबद्ध विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में शहरी अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, यातायात सुधार, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। महापौर ने शहर की मौजूदा जरूरतों और भविष्य की विकास योजनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून को राज्य का प्रमुख शहरी केंद्र बताते हुए कहा कि राजधानी का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्य सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी, ताकि शहर को सुव्यवस्थित रूप से विकसित किया जा सके और आम नागरिकों को आधुनिक व बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

(Visited 1,415 times, 1 visits today)