देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सड़क, रोपवे, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा और हवाई अड्डों से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल ₹183.97 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और शहरी–ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मसूरी और रानीबाग (काठगोदाम)–नैनीताल रोपवे के लिए फिजिबिलिटी स्टडी हेतु ₹3.30 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, यमनोत्री बड़कोट–पौंटी मोटर मार्ग से बड़कोट हेलीपैड तक सड़क के डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण और हेलीपैड की बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए ₹1.89 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
शहरी विकास के तहत मंगलौर–रुड़की आवासीय परियोजना में पहुंच मार्ग निर्माण के लिए ₹2.49 करोड़ और राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के निर्माण कार्यों के लिए पुनरीक्षित आंगणन के अंतर्गत ₹35 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
नगर निकायों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। नगर पंचायत गूलरभोज में श्मशान घाट निर्माण एवं नवीनीकरण हेतु ₹80 लाख, नगर निगम कोटद्वार में एबीसी सेंटर निर्माण के लिए ₹2.68 करोड़ तथा क्लस्टर विद्यालय योजना के अंतर्गत देहरादून व टिहरी के तीन राजकीय इंटर कॉलेजों के निर्माण हेतु ₹5.46 करोड़ की धनराशि जारी की गई है।
इसके अतिरिक्त, शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के लिए ₹107.35 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। न्यायिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने के लिए राज्य के सभी जिलों के पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय परिसरों में वीसी संसाधनों के माध्यम से साक्ष्य परीक्षण हेतु 21 जनरेटर (7.5 केवीए) की खरीद के लिए ₹15.55 करोड़ मंजूर हुए हैं। वहीं, खटीमा क्षेत्र में बिगराबाग से चकरपुर तक मार्ग को एक लेन से डेढ़ लेन में उन्नत करने के लिए ₹9.45 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
