Site icon The Mountain People

ट्रंप का सनसनीखेज दावा: पाकिस्तान भी कर रहा है परमाणु परीक्षण, अब अमेरिका भी करेगा जवाबी टेस्ट

 

 

 

 

TMP: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाला बयान देते हुए दावा किया है कि पाकिस्तान, रूस, चीन और उत्तर कोरिया जैसे देश सक्रिय रूप से परमाणु हथियारों के परीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है जब अमेरिका को भी अपने न्यूक्लियर टेस्ट दोबारा शुरू करने होंगे।

रविवार को सीबीएस न्यूज के कार्यक्रम ‘60 मिनट्स’ में दिए गए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “रूस और चीन लगातार न्यूक्लियर टेस्ट कर रहे हैं, लेकिन वे इसके बारे में बात नहीं करते। हम अकेले ऐसे देश हैं जो परीक्षण नहीं कर रहे—और मैं नहीं चाहता कि अमेरिका ही वो अकेला देश बने।”

ट्रंप ने पत्रकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अमेरिका में मीडिया सब रिपोर्ट करता है, लेकिन “दूसरे देशों में ऐसे पत्रकार नहीं हैं जो सरकार की गतिविधियों पर सवाल उठाएं।”

उन्होंने साफ कहा कि “हम भी अब परमाणु परीक्षण करने जा रहे हैं, क्योंकि जब दूसरे देश ऐसा कर रहे हैं तो हमें भी तैयार रहना होगा।”

रूस-चीन से बढ़ सकती है परमाणु तनातनी

ट्रंप के इस बयान के बाद विशेषज्ञों का कहना है कि यह अमेरिका और रूस के बीच नई परमाणु होड़ की शुरुआत का संकेत हो सकता है। दरअसल, ट्रंप से यह सवाल रूस के हाल ही में किए गए “पोसाइडन अंडरवाटर ड्रोन” जैसे एडवांस्ड न्यूक्लियर सिस्टम के परीक्षण को लेकर पूछा गया था।

ट्रंप ने जवाब में कहा,“रूस ने घोषणा की है कि वह परीक्षण करेगा। उत्तर कोरिया लगातार परीक्षण कर रहा है। चीन और पाकिस्तान भी यही कर रहे हैं—तो फिर हम क्यों नहीं?”

“दुनिया को 150 बार उड़ाने की क्षमता”

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास किसी भी देश से ज्यादा परमाणु हथियार हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ निरस्त्रीकरण (Disarmament) पर बातचीत की थी, लेकिन कहा, “हमारे पास इतनी परमाणु शक्ति है कि दुनिया को 150 बार खत्म कर सकते हैं।”

नए शीत युद्ध की आहट?

गौरतलब है कि हाल ही में रूस ने 2000 के प्लूटोनियम निपटान समझौते को समाप्त कर दिया है, जिसका उद्देश्य परमाणु हथियार-ग्रेड सामग्री के उत्पादन को सीमित करना था। यह कदम रूस-अमेरिका के बीच बढ़ती तनातनी और हथियारों की होड़ का संकेत माना जा रहा है।

Exit mobile version