Site icon The Mountain People

सीमांत गाँव माणा में देवभूमि महोत्सव ने बढ़ाया पर्यटन और संस्कृति का गौरव

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देश के प्रथम गाँव माणा पहुंचे, जहाँ उन्होंने भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025’ के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर स्थानीय समुदायों, पर्यटकों और गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय जनता, सेना और प्रशासन के सुचारू समन्वय से यह महोत्सव बेहद सफल रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और आर्थिकी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और सेना द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं “नो योर आर्मी” प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी भारतीय सेना और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग को और सुदृढ़ बनाएगी। मुख्यमंत्री ने सेना द्वारा प्रदर्शित उपकरणों, मॉडल्स और सूचना सामग्री की भी सराहना की।

महोत्सव में स्कूली बच्चों ने पारंपरिक लोकनृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि गढ़वाली लोक संस्कृति की ये झलकियाँ देवभूमि के असली गौरव का प्रतीक हैं। गढ़वाली बैंड, स्थानीय कलाकारों और कारीगरों के प्रदर्शन ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।

स्थानीय शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में पारंपरिक बुनाई, लकड़ी के हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद, स्थानीय व्यंजन और अन्य धरोहर सामग्री को पर्यटकों ने खूब सराहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ के उद्देश्यों को मजबूती प्रदान करते हुए युवाओं और महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध करवाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि सर्दियों के मौसम में पर्यटन विकास, रोजगार सृजन, रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने और सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने श्री बद्रीविशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सैन्य अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version