Site icon The Mountain People

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उद्योग मित्र समिति की बैठक में दिए त्वरित समाधान और बेहतर औद्योगिक माहौल के निर्देश

 

 

 

 

देहरादून: राज्य के मुख्य सचिव  आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय उद्योग मित्र समिति की प्राधिकृत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उद्योगों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और उद्यमियों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य शासन उद्योगों और उद्यमियों को समुचित सुविधाएं प्रदान करने के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को राज्य और जिला स्तरीय उद्योग मित्र समितियों की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने की हिदायत दी और साथ ही तात्कालिक महत्व के मामलों में बैठकों की प्रतीक्षा किए बिना तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उद्योग संगठनों और उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मुद्दों को विस्तार से सुना गया और संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से जीएसटी नई व्यवस्था से जुड़े प्रकरणों के समाधान, ईएसआईसी अस्पतालों की स्थापना और भूमि प्रबंध, और औद्योगिक आस्थानों में सुविधाओं व लॉजिस्टिक सुधार पर ध्यान देने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में उद्योगों की स्थापना और संचालन के लिए सभी आवश्यक बिजली आपूर्ति, लॉजिस्टिक और अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँ और उद्यमियों द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, शैलेश बगोली, विनय शंकर पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि व उद्यमी उपस्थित रहे।

Exit mobile version